
नोवामुंडी संवाददाता, 14 सितंबर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोमवार को नोवामुंडी प्रखंड पूरी तरह गणपति भक्ति में सराबोर रहा। शहर से लेकर गांवों तक जगह-जगह आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए और भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा।आजाद बस्ती स्थित आजाद बॉयज क्लब की ओर से आयोजित गणेश पूजा पंडाल का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने फीता काटकर किया। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।वहीं,सेंट्रल कैंप पूजा पंडाल में भी पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया तथा भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।कार्यक्रम में नोवामुंडी मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप, विनीत कुमार गोप, लालमोहन दास, संदीप दास, धुना बहुरिया, सोनी बारिक, सुबीर पान, चेतन गोप, दुखिया नायक, सूरज बेहरा, प्रदीप पात्रो, मनमोहन बेहरा, गोपाल बनिया, जीतू पान, बबलू सांडिल, चंद्र मोहन नायक, जय गुरुम, हरि कुसटो करूवा, बी. पीटर राव सहित पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।इधर, नोवामुंडी के न्यू संग्रामसाई कैंप, नोवामुंडी बाजार, नोवामुंडी स्टेशन और जोजोकैंप और बडाजामदा बाजार टांड,फुटबाल मैदान,मिडिल स्कूल काॅलौनी में भी श्रद्धालुओं ने भव्य पंडाल तैयार कर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की। यहां भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ गणपति की पूजा-अर्चना की। पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे आसपास का वातावरण उत्सवमय नजर आया।सुदूर गांवों में भी दिखा गणेशोत्सव का उत्साहगणेश चतुर्थी का उत्साह केवल नोवामुंडी शहर तक सीमित नहीं रहा। नोवामुंडी बस्ती गांव, कोटगढ़ गांव, टोंटोपोसी गांव, दूधबिला गाँव,डांगोवापोसी,पेटेता गाँव,जेटेया बाजारटांड़ सहित प्रखंड क्षेत्र के कई सुदूर एवं बीहड़ गांवों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन किया और भगवान गणेश से परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की।गणेशोत्सव को लेकर बच्चों और युवाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती रही। शाम के समय बड़ी संख्या में लोग पंडालों में पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूरे क्षेत्र में गणेशोत्सव को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
