
नोवामुंडी (पश्चिम सिंहभूम), टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में आज बृहस्पतिवार को दो राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रातः कालीन सत्र में हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन (नई दिल्ली) एवं सीबीएसई द्वारा अनुमोदित ‘अमृत कुंभ सम्मान 2026’ हिंदी ओलंपियाड लिखित परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी भाषाई दक्षता का परिचय दिया।
इसी क्रम में शून्य से दूसरे कालांश के दौरान भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय , ‘नेशनल म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री’ तथा ‘ओजोन सेल’ के संयुक्त तत्वावधान में कक्षा 8वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ओजोन परत संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली जैसे विषयों पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भारत सरकार द्वारा ₹1,000 से ₹10,000 तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

दोनों ही आयोजनों के दौरान सभी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन किया गया तथा विद्यार्थियों ने पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उत्साह और सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन व उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रदान कीं।
