
संवाददाता, नोवामुंडी। रक्षाबंधन के अवसर पर नोवामुंडी और महुदी में महिला सशक्तीकरण, आदिवासी परंपरा और प्रशासनिक संवेदनशीलता की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। जेएसएलपीएस समूह की दीदियों ने अपने हाथों से तैयार राखियां बेचकर आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, वहीं उपायुक्त मनीष कुमार, जगन्नाथपुर एसडीओ अरुण उरांव और नोवामुंडी बीडीओ पप्पू रजक की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपना भाई बनाया। दूसरी ओर महुदी पंचायत भवन में उपायुक्त ने एसआईआर कार्य में जुटे आंगनबाड़ी सेविका, बीएलओ और पंचायत कर्मियों का स्वयं ताली बजाकर उत्साह बढ़ाया।

नोवामुंडी बाजार ओवरब्रिज के पिलर नंबर-17 के समीप जेएसएलपीएस समूह की दीदियों द्वारा लगाए गए राखी स्टॉल का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, उनकी धर्मपत्नी और नोवामुंडी बीडीओ पप्पू रजक ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया। इस दौरान महिला समूह की दीदियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ साल के पत्तों से तैयार पारंपरिक टोपी और माला पहनाकर स्वागत किया।
10 से 20 रुपये की राखियों ने खींचा ध्यान
स्टॉल पर मां अंबे महिला समूह की दीदियों द्वारा हाथ से तैयार आकर्षक राखियां बिक्री के लिए रखी गई थीं। राखियों की कीमत महज 10 से 20 रुपये रखी गई है। कम कीमत में सुंदर और आकर्षक राखियां देखकर उपायुक्त ने महिलाओं के हुनर और मेहनत की सराहना की। उन्होंने लोगों से महिला समूह की दीदियों से राखियां खरीदने और उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

स्टॉल पर राखियों के अलावा महिलाओं द्वारा तैयार लड्डू, अचार, मूढ़ी समेत कई घरेलू उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध थे।
आदिवासी परंपरा में हुआ अतिथियों का स्वागत
राखी स्टॉल के उद्घाटन के बाद प्रखंड परिसर पहुंचने पर उपायुक्त, उनकी धर्मपत्नी, एसडीओ अरुण उरांव और बीडीओ पप्पू रजक का ढोल-नगाड़ों के साथ आदिवासी परंपरागत रीति-रिवाज से स्वागत किया गया। दीदियों ने साल के पत्तों से तैयार टोपी और माला पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन किया और महिला समूह द्वारा तैयार गुलदस्ते भेंट किए।
इसके बाद प्रखंड सभागार में जेएसएलपीएस समूह की दीदियों के साथ सखी संवाद कार्यक्रम हुआ। उपायुक्त ने महिलाओं से सीधा संवाद कर उनके कार्यों, उपलब्धियों और समस्याओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राखी बांधकर डीसी, एसडीओ और बीडीओ को बनाया भाई
रक्षाबंधन के मौके पर जेएसएलपीएस समूह की दीदियों ने उपायुक्त मनीष कुमार, जगन्नाथपुर एसडीओ अरुण उरांव और नोवामुंडी बीडीओ पप्पू रजक की कलाई पर राखी बांधी। दीदियों ने तीनों अधिकारियों को अपना भाई बताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस आत्मीय क्षण से कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
महुदी में एसआईआर कर्मियों का बढ़ाया हौसला
इसके बाद उपायुक्त महुदी पंचायत भवन पहुंचे। यहां महिला समूह की दीदियों ने साल के पत्तों की टोपी और माला पहनाकर अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। पंचायत भवन में उपायुक्त ने मुखिया लक्ष्मी देवी के साथ संयुक्त रूप से ज्ञान केंद्र एवं टैंकर का उद्घाटन किया।
एसआईआर कार्य में बेहतर समन्वय और सक्रिय भूमिका के लिए उपायुक्त ने जगन्नाथपुर एसडीओ अरुण उरांव और नोवामुंडी बीडीओ पप्पू रजक की सराहना की। उन्होंने एसआईआर कार्य में जुटे आंगनबाड़ी सेविका, बीएलओ, पंचायत कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कर्मियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उपायुक्त ने स्वयं ताली बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। डीसी के इस आत्मीय अंदाज से कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे और उनमें नया उत्साह नजर आया।
ऊर्जा कक्षा में बच्चों के साथ खेला कैरम
उपायुक्त ने ऊर्जा कक्षा का भी निरीक्षण किया और टीम के साथ कैरम बोर्ड खेलकर बच्चों एवं टीम के सदस्यों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने पंचायत सचिव जेवा निकहत को पंचायत भवन के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का निर्देश दिया।
दीदी किचन का निरीक्षण
उपायुक्त ने प्रखंड परिसर स्थित दीदी किचन का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन के लिए पारितोषिक स्वरूप फोन-पे के माध्यम से नगद राशि भी प्रदान की। उन्होंने बताया कि महिला सम्मान योजना के तहत लाभुकों के खातों में राशि भेजी जा चुकी है।
परिवार के साथ मुर्गा महादेव मंदिर में की पूजा
राखी स्टॉल के उद्घाटन से पहले उपायुक्त मनीष कुमार ने परिवार के साथ मुर्गा महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की तथा आने वाले व्रत, त्योहार और पर्वों की शुभकामनाएं दीं।
पूरे कार्यक्रम में महिला समूह की दीदियों द्वारा तैयार राखियां, साल के पत्तों की टोपी-माला और अन्य घरेलू उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। उपायुक्त ने कहा कि महिला समूहों के ऐसे प्रयास महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से महिला समूहों के उत्पाद खरीदकर दीदियों का हौसला बढ़ाने की अपील की।
मौके पर एसडीओ अरुण उरांव, बीडीओ पप्पू रजक, महुदी पंचायत की मुखिया लक्ष्मी देवी, पंचायत सचिव जेवा निकहत, बीपीएम रूपेश कुमार समेत बड़ी संख्या में जेएसएलपीएस समूह की दीदियां, आंगनबाड़ी सेविका, बीएलओ, प्रखंड एवं अंचल कर्मी मौजूद रहे। नोवामुंडी पुलिस प्रशासन की ओर से सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहीं।
