
‘सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा’ से गूंजा नोवामुंडी बाजार — अमन-शांति की दुआ के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ जुलूस
नोवामुंडी संवाददाता
, 26 अगस्त। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को नोवामुंडी प्रखंड मुख्यालय में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद-उल-मिलादुन्नबी का त्योहार पूरे अकीदत, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अंजुमन मुस्लिम, नोवामुंडी के तत्वावधान में भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस के दौरान पूरा नोवामुंडी क्षेत्र ‘सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा, हुजूर की आमद मरहबा’ के नारों से गूंजता रहा।
जुलूस सुन्नी जमा मस्जिद से शुरू होकर रेलवे फाटक, नोवामुंडी थाना, रेलवे ओवरब्रिज होते हुए नोवामुंडी बाजार पहुंचा। इसके बाद जुलूस चुना साह बाबा मजार, पेट्रोल पंप, मेन रोड और सेंट मेरीज स्कूल के रास्ते टटराहाटिंग स्थित इमामबाड़ा पहुंचा, जहां देश-दुनिया में अमन, शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ के साथ जुलूस का समापन किया गया।

जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। लोगों के हाथों में धार्मिक झंडे थे और जुबान पर कलमा एवं दुरूद शरीफ था। पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जुलूस में शामिल लोग पैगंबर मोहम्मद साहब की आमद की खुशी में नात और धार्मिक नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे।
जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर
जुलूस के मार्ग में स्थानीय लोगों एवं विभिन्न सेवा समितियों की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे। श्रद्धालुओं और जुलूस में शामिल लोगों के लिए लंगर, फल, चाय, बिस्किट, शरबत एवं चॉकलेट की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय देते हुए लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया।
अंजुमन मुस्लिम के पदाधिकारी रहे मौजूद
जुलूस में अंजुमन मुस्लिम नोवामुंडी के सदर फिरोज खान, सेक्रेटरी कुतुबुद्दीन खान, उप सचिव मोहम्मद यासीन एवं मोहम्मद शमशाद, उपाध्यक्ष अब्दुल अमीन एवं मोहम्मद सबीरूल्लाह, खजांची तनवीर अख्तर, अब्दुल रकीब, मोहम्मद शाकिर, मोहम्मद ख्वाजा, मोहम्मद शकील, आसिफ, हसरत खान, मोहम्मद फहीम, आफताब, मोहम्मद सलीम, नेहाल मलिक, मोहम्मद कौसर सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इसके अलावा मौलाना हाफिज राजा फौजी, मौलाना सेमल हक, हाफिज मोहम्मद कलीमुद्दीन, हाफिज मोहम्मद यूसुफ, हाफिज मोहम्मद आलम सहित अन्य उलेमा एवं समुदाय के लोग भी जुलूस में मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
ईद-उल-मिलाद के जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नोवामुंडी थाना के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर. विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ जुलूस के दौरान तैनात रहे। पुलिस टीम ने पूरे जुलूस मार्ग पर निगरानी रखते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
शांतिपूर्ण माहौल में निकले जुलूस में लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। अंत में इमामबाड़ा में देश और दुनिया में अमन-चैन, शांति, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे की दुआ की गई। इस प्रकार नोवामुंडी में ईद-उल-मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
