
नोवामुंडी: अग्रेसन डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, भरेचनगर में आयोजित ‘डी.ए.वी. स्पोर्ट्स – 2026’ जोनल कराटे चैंपियनशिप में टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और अनुशासन का परिचय देते हुए विभिन्न आयु वर्गों में पदक अपने नाम किए।प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में अप्सरा अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीता, वहीं अंडर-19 वर्ग में संजय हंसदा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया। इसके अलावा अंडर-17 वर्ग में रोहित लकड़ा और अंडर-14 वर्ग में आस्था सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) पर कब्जा जमाया।



इस शानदार जीत के साथ ही ये सभी प्रतिभावान खिलाड़ी अब आगामी ‘डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप’ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने सभी विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है और पूरा विद्यालय परिवार उनके राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन को लेकर उत्साहित है।
