
कांड्रा। डुमरा गांव में समाजसेवी रतिलाल मंडल के घर आयोजित दो दिवसीय मां मनसा पूजा का शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर गाजे-बाजे के साथ मां मनसा की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाओं, बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मां मनसा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
पूजा समारोह में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू भी शामिल हुए और मां मनसा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
समाजसेवी रतिलाल मंडल ने कहा कि मां मनसा की पूजा क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना के लिए श्रद्धा के साथ की जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों में आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। गाजे-बाजे और मां मनसा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की। मौके पर मुख्य रूप से समाजसेवी रतिलाल मंडल, कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, उत्तम मंडल, विक्रम आचार्य, सुभाष कालिंदी, भोजोहरी समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
