
डुमरा पंचायत के बैगनडीह टोला में लगातार हो रही बारिश और बूंदाबांदी के कारण आज बिरेन मंडल का मिट्टी का घर अचानक गिर गया। घर गिरने से उनका आशियाना पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे और घर के बाहर थे, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घर गिरने के बाद बिरेन मंडल और उनके परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बताया जाता है कि बिरेन मंडल बेहद गरीब परिवार से आते हैं और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका घर गिर जाने से परिवार के सामने रहने और बारिश से बचने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।पीड़ित परिवार ने डुमरा पंचायत की मुखिया पियों हांसदा से मदद की गुहार लगाई है। परिवार की परेशानी की जानकारी मिलते ही मुखिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की अनुशंसा की है। मुखिया के इस संवेदनशील कदम की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि संकट की घड़ी में गरीब परिवार के साथ खड़े होकर उनकी मदद के लिए पहल करना सराहनीय है।
मुखिया पियों हांसदा ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग दिलाने का भरोसा दिलाया है। साथ ही प्रशासन और संबंधित विभाग से भी जल्द सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई है, ताकि परिवार को बारिश के बीच रहने के लिए सुरक्षित आशियाना मिल सके।
ग्रामीणों ने भी गरीब परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण परिवार की परेशानी बढ़ गई है और उन्हें तत्काल मदद की जरूरत है। वहीं, मुखिया की ओर से की गई पहल को ग्रामीणों ने मानवीय और सराहनीय कदम बताया है।
