
प्रतिनिधि, नोवामुंडीनोवामुंडी ओवरब्रिज पर पिछले कुछ समय से स्ट्रीट लाइटें खराब रहने के कारण पुल का आधे से अधिक हिस्सा रात में घने अंधेरे में डूबा हुआ है.ओवरब्रिज की दोनों सीढ़ियों के समीप लगी छह लाइटों समेत पूरे ब्रिज में करीब 22 स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इससे बाजार साइड और दोनों सीढ़ियों के आसपास रात के समय राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले टाटा स्टील की ओर से थाना के समीप चार-पांच खराब लाइटों को ठीक कराया गया था, लेकिन ओवरब्रिज की बाकी लाइटों को अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है। ऐसे में पुल का बड़ा हिस्सा अभी भी अंधेरे में है.सावन के अंतिम सोमवारी को बढ़ेगी परेशानीसावन के पावन महीने में इस समस्या की गंभीरता और बढ़ गई है.खासकर सावन की अंतिम सोमवारी पर मुर्गा महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए दूर-दूर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं और कांवरियों के पहुंचने की संभावना है.

बड़ी संख्या में कांवरिया नोवामुंडी होकर मुर्गा महादेव जाने के लिए इसी मार्ग से गुजरेंगे.ऐसे में ओवरब्रिज पर पर्याप्त रोशनी नहीं होना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है.स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज पर कई जगह पशु सड़क के बीचोंबीच बैठ जाते हैं.अंधेरे में ये पशु दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.खासकर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते की स्थिति और पशुओं की जानकारी नहीं होने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है.लोगों का कहना है कि अंतिम सोमवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लाइटों की खराब व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करना जरूरी है.यदि समय रहते सभी स्ट्रीट लाइटें चालू नहीं की गईं तो अंधेरे के कारण राहगीरों और कांवरियों को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का भी खतरा बना रहेगा.स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार एजेंसी से ओवरब्रिज की सभी 22 खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि सावन के अंतिम सोमवारी पर मुर्गा महादेव जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
