
नोवामुंडी। प्रखंड क्षेत्र की जेटेया पंचायत के नया गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण यस्तु महतो का मिट्टी का मकान ढह गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेंन नया गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नोवामुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की पहल की।
इसके बाद पीड़ित परिवार को 30 किलो चावल की सहायता उपलब्ध कराई गई। लक्ष्मी सुरेंन ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए सरकारी स्तर पर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया।
मौके पर परिवार के सदस्य रामसागर महतो सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने संकट की घड़ी में तत्काल गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार की मदद करने के लिए जिला परिषद अध्यक्ष के प्रति आभार जताया।
लक्ष्मी सुरेंन ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
