
मुंबई । विश्वविख्यात भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा द्वारा गाए गए भजन “राधा बिन मोहन कौन है” को बॉलीवुड के जाने-माने कोरियोग्राफर श्रवण ठाकुर ने अपनी कोरियोग्राफी से एक नया रूप देने का प्रयास किया है। सनातन वर्ल्ड चैनल पर रिलीज हुए इस भजन को लेकर दर्शकों में भी उत्साह देखा जा रहा है। भजन के प्रमोशन के दौरान अनूप जलोटा ने कोरियोग्राफर श्रवण ठाकुर के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। वहीं श्रवण ठाकुर ने भजन सम्राट अनूप जलोटा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके द्वारा गाए भजन को कोरियोग्राफ करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

श्रवण ठाकुर ने अभिनेता, निर्देशक एवं निर्माता एस.के. तिवारी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस भजन की कोरियोग्राफी का अवसर देकर एस.के. तिवारी ने भजन की प्रस्तुति में चार चांद लगाने का मौका दिया।
गौरतलब है कि अनूप जलोटा के स्वर और श्रवण ठाकुर की कोरियोग्राफी का यह पहला प्रयास नहीं है। इससे पहले अनूप जलोटा द्वारा गाया गया “श्री राम हे राम” भजन भी श्रवण ठाकुर की कोरियोग्राफी में रिलीज हो चुका है। दोनों के इस रचनात्मक तालमेल को भक्ति संगीत को आधुनिक प्रस्तुति से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
