
सरायकेला /कांड्रा
बॉलीवुड में अपनी बहुमुखी प्रतिभा (मल्टीटैलेंटेड) का लोहा मनवाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता, निर्देशक और कोरियोग्राफर श्रवण ठाकुर ने मुंबई से एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर सरायकेला जिला के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कांड्रा पंचायत के डोका कुली बस्ती निवासी प्रदीप कुमार गुड्डू को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं व बधाई दी हैं। बताते चलें कि प्रदीप कुमार गुड्डू और बॉलीवुड सेलिब्रिटी श्रवण ठाकुर के बीच काफी गहरे और घनिष्ठ संबंध हैं। दोनों एक-दूसरे के बेहद करीबी मित्र माने जाते हैं।
इस खास मौके पर कोरियोग्राफर श्रवण ठाकुर ने अपने शुरुआती दिनों और संघर्ष की कहानी को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से झारखंड के एक छोटे से शहर डाल्टनगंज के पोखराहा के रहने वाले हैं। बचपन में वे जमशेदपुर में अपने एक रिश्तेदार के यहाँ भी रहे। जब वे महज 12 वर्ष के थे, तब उनके पिता का साया उनके सिर से उठ गया। पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारियों और मन में कुछ कर गुजरने की चाहत लिए उन्होंने मात्र 14 वर्ष की अल्पायु में ही मायानगरी मुंबई का रुख कर लिया था। श्रवण ठाकुर ने कहा, “जब मैं पहली बार मुंबई आया था, तो मुझे ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि मैं इस बड़े शहर में टिक पाऊंगा या नहीं। लेकिन मेरे मन में एक दृढ़ संकल्प था कि मुंबई की मुंबा देवी मुझे निराश नहीं करेंगी और अपनी शरण में पनाह अवश्य देंगी।” आज उनका वही दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत रंग लाई है, जिसके दम पर उन्होंने बॉलीवुड जगत में अपना एक बड़ा नाम दर्ज कराया है और आज वे किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं।
गौरतलब है कि श्रवण ठाकुर अब तक टी-सीरीज (T-Series) और अल्ट्रा म्यूजिक जैसे देश के प्रतिष्ठित बैनर्स के साथ दर्जन से अधिक म्यूजिक वीडियो और प्रोजेक्ट्स रिलीज कर चुके हैं। बतौर एक्टर, डायरेक्टर और कोरियोग्राफर उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी एक खास पहचान बनाई है। उनके मुख्य और लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो में ‘बम भोले बम’, ‘मां शारदे’, ‘मां करुणा का भंडार’, ‘आए हैं तेरे दरबार में’, ‘अरब के बेरिया’, ‘दर्द भी दीवाना तेरा’, ‘मस्त उलझे नैनो का मिलन’, ‘गजानन गणपति आना’, ‘सांवरी गोरिया’ और ‘जिनगी के परिचय’ शामिल हैं। अपने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद मुंबई से अपने अजीज दोस्त प्रदीप कुमार गुड्डू के लिए यह विशेष शुभकामना संदेश भेजने पर कांड्रा के स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने भी श्रवण ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त किया है।
