
संवाददातॎ, नोवामुंडी
नोवामुंडी वन क्षेत्र के गितिकेंदू समेत आसपास के गांवों में 10 से 15 उपद्रवी जंगली हाथियों का झुंड पिछले एक माह से अधिक समय से डेरा जमाए हुए है। हाथियों के आतंक से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित है। झुंड मिर्च, भिंडी, आम, कटहल, खीरा, लौकी, लाल साग और बरबटी समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की टीम प्रतिदिन शाम 8 बजे से सुबह 3 बजे तक पहरा दे रही है।

गुरुवार को जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन गितिकेंदू पहुंचीं और प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने हाथियों से बर्बाद फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच हाथियों को भगाने के लिए पटाखे वितरित किए। साथ ही, लक्ष्मी सुरेन ने उपायुक्त से प्रभावित ग्रामीणों को जल्द राहत और क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
