
प्रतिनिधि, नोवामुंडी।सावन के पावन महीने में पूरा नोवामुंडी क्षेत्र भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबा हुआ है। इसी कड़ी में नोवामुंडी बाजार स्थित शिव मंदिर में मंगलवार को बाजार समिति की ओर से भव्य रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान शिव का अभिषेक हुआ। पूजा को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए।रुद्राभिषेक पूजा में बाजार समिति के अध्यक्ष पप्पू गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी ममता गुप्ता ने यजमान की भूमिका निभाई।

पंडित रोहित लंबोदर पांडा ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक संपन्न कराया। पूजा का शुभारंभ सुबह करीब 10 बजे हुआ, जो विधिवत पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 3 बजे संपन्न हुआ।पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। रुद्राभिषेक संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर बाजार समिति के सदस्य मिलन गुप्ता, राजेश पोद्दार, कुंदन कुमार, राम प्रसाद, रमाकांत साहू, मनु साहू, सचिन सेठ और नीतू पुष्टि समेत बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं महिलाएं मौजूद रहीं।बताया गया कि बाजार समिति की ओर से हर वर्ष सावन के पावन महीने में नोवामुंडी बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया जाता है। इस धार्मिक परंपरा के माध्यम से समिति के सदस्य सावन में भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था और भक्ति प्रकट करते हैं।रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन में भगवान शिव की आराधना और रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। इसी आस्था और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस अनुष्ठान से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
