
प्रतिनिधि, नोवामुंडी। सावन की फुहार, हरियाली की आहट और महिलाओं की खिलखिलाती मुस्कान… नोवामुंडी में आयोजित सावन मिलन समारोह में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। कहीं सावन के गीतों पर कदम थिरकते नजर आए तो कहीं मनोरंजक खेलों में महिलाओं ने जमकर उत्साह दिखाया। लेकिन समारोह का सबसे रोमांचक क्षण उस समय आया, जब लॉटरी के जरिए ‘सावन क्वीन’ के नाम का ऐलान हुआ।

कूपन से निकला नाम था नोवामुंडी कुम्हार टोली की अंशु रानी का। नाम सामने आते ही तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा समारोह स्थल गूंज उठा और अंशु रानी के सिर सावन क्वीन का ताज सज गया।शक्ति वाहिनी महिला समिति की ओर से आयोजित इस भव्य सावन मिलन समारोह में महिलाएं सावन के रंग में सजी-धजी पहुंचीं। नोवामुंडी स्थित हर दिल अजीज रेस्टोरेंट ‘स्वाद नेशन’ में आयोजित कार्यक्रम में साज-शृंगार से लेकर गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक खेलों तक हर रंग देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत समिति की महिलाओं ने सामूहिक रूप से केक काटकर की।

इसके बाद शुरू हुआ मस्ती और मनोरंजन का सिलसिला, जिसमें म्यूजिकल चेयर, डांस और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं ने सभी का उत्साह बढ़ाया।कूपन खुला तो निकला अंशु रानी का नाम, तालियों से गूंज उठा समारोहसावन क्वीन के चुनाव को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समिति की ओर से लॉटरी के माध्यम से सावन क्वीन का चयन किया गया। महिलाओं के नाम वाले कूपन तैयार किए गए और छोटे बच्चों को कूपन उठाकर विजेता के नाम की घोषणा करने की जिम्मेदारी दी गई।जैसे ही कूपन खुला और उसमें अंशु रानी का नाम सामने आया, महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। तालियों और बधाइयों के बीच अंशु रानी को सावन क्वीन चुना गया। इसके बाद उन्हें मुकुट और सावन क्वीन की पट्टी पहनाकर सम्मानित किया गया। सिर पर मुकुट सजते ही अंशु रानी के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी। मौजूद महिलाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और सावन क्वीन बनने पर बधाई दी।गीत-संगीत से लेकर डांस तक, हर प्रस्तुति ने बांधा समांसमारोह में महिलाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर सावन की मस्ती को चरम पर पहुंचा दिया।

सावन के गीतों पर नृत्य, संगीत और मनोरंजक खेलों ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। म्यूजिकल चेयर सहित अन्य प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कहीं जीत की खुशी दिखाई दी तो कहीं हार के बावजूद ठहाकों का दौर चलता रहा।विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को समिति की अध्यक्ष बिंदु सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार मिलने पर विजेता महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।सिर्फ मनोरंजन नहीं, महिलाओं को जोड़ने का भी संदेशकार्यक्रम के बाद सभी महिलाओं ने मिलकर भोज का आनंद उठाया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। समिति की ओर से बताया गया कि प्रत्येक वर्ष सावन के अवसर पर इस तरह के मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं को एकजुट करना, आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करना तथा सावन की खुशियों को मिल-जुलकर मनाना है।समिति की अध्यक्ष बिंदु सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी देते हैं। रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी से अलग महिलाएं जब एक साथ मिलती हैं तो आपसी संबंध और मजबूत होते हैं। सावन मिलन समारोह इसी मेल-जोल, खुशी और सौहार्द की खूबसूरत मिसाल है।समारोह में समिति की अध्यक्ष बिंदु सिंह, उपाध्यक्ष रेखा सिन्हा, सचिव ललिता सिंह, कोषाध्यक्ष रेणु देवी, पुष्पा पांडे, रेखा देवी, रूपा देवी, रीना श्रीवास्तव, निभा प्रसाद, सावन क्वीन अंशु रानी, रिंकी प्रसाद और गीता देवी सहित समिति की अन्य महिलाएं मौजूद रहीं। सभी की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को रंगारंग और यादगार बना दिया।लॉटरी से निकला एक नाम और पूरे समारोह की खुशी अंशु रानी के नाम हो गई। नोवामुंडी कुम्हार टोली की अंशु रानी के सिर सजा सावन क्वीन का ताज इस पूरे आयोजन का सबसे यादगार पल बन गया।
