

संचार भारत न्यूज़ संवाददाता, नोवामुंडी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नोवामुंडी थाना परिसर सहित विभिन्न पुलिस प्रतिष्ठानों में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और स्कूली बच्चे शामिल हुए.हल्की बारिश की फुहारों के बीच पूरे उत्साह और उमंग के साथ तिरंगा फहराया गया और पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा.

नोवामुंडी थाना में थाना प्रभारी नयन सिंह, महिला थाना में महिला थाना प्रभारी विनीता कुमारी, इंस्पेक्टर कार्यालय में इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा तथा जैप-9 सी बटालियन कंपनी में सब-इंस्पेक्टर अरुण सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया.ध्वजारोहण से पूर्व सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया.


मौके पर सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश सिंह, बलराम महतो, अनजद प्रधान सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे.इसके अलावा बीडीओ पप्पू रजक, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, बाजार समिति के अध्यक्ष पप्पू गुप्ता, अनवर खान, इजहार रहीम, मुखिया लक्ष्मी देवी, बाली झरण पंचायत समिति सदस्य सतीश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए.


समारोह में काफी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, स्कूली बच्चे, पंचायत प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी उपस्थित रहीं.तिरंगा फहराते ही उपस्थित लोगों ने पूरे जोश के साथ “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “स्वतंत्रता दिवस अमर रहे”, “डॉ. भीमराव अंबेडकर की जय” और “सभी वीर सेनानियों की जय” के नारे लगाए.
हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ.तिरंगे की आन-बान-शान और देशभक्ति के नारों से पूरा थाना परिसर गूंज उठा। समारोह में आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया गया.

स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह नोवामुंडी में सामाजिक एकता, देशप्रेम और भाईचारे का संदेश देता नजर आया.पुलिस, प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं और बच्चों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।


