

संचार भारत संवाददाता, नोवामुंडी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को नोवामुंडी प्रखंड कार्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया.पूरे प्रखंड परिसर को रंग-बिरंगे झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था.देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर गूंजता रहा और वातावरण राष्ट्रभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया।


ध्वजारोहण से पूर्व उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पप्पू रजक ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया।

तिरंगा लहराते ही पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘15 अगस्त अमर रहे’, ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर अमर रहें’, ‘भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें’ और ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा.

राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, पंचायत की मुखिया लक्ष्मी देवी, नेता इज़हार राही, प्रखंड एवं अंचल कर्मी, बाल विकास परियोजना के कर्मी, थाना के स्टाफ, स्कूली बच्चे, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.

इस अवसर पर बीडीओ पप्पू रजक ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। देश और समाज के विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपना योगदान देना चाहिए.
प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश देता है। वीर शहीदों और महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाकर क्षेत्र के विकास में भागीदारी निभानी चाहिए.

समारोह के दौरान पूरा प्रखंड कार्यालय परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर रहा और भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
