
कांड्रा (विशेष संवाददाता)। औद्योगिक क्षेत्र कांड्रा स्थित जय शनि देव पावन धाम मंदिर (नीलकंठ बाबा) प्रांगण से सावन की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर आज एक भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा जय शनि देव पावन धाम मंदिर (नीलकंठ बाबा) प्रांगण से प्रारंभ होकर प्रसिद्ध मां पाउड़ी स्थान स्थित शिव मंदिर तक पहुँची। सावन माह के इस पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा।

आयोजक समाजसेवी रोशन प्रसाद साव एवं समस्त महिला मंडली के नेतृत्व में यह भव्य कलश यात्रा सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जय शनि देव पावन धाम मंदिर प्रांगण से रवाना हुई। यहाँ से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु महिलाएँ जल यात्रा लेकर प्रसिद्ध मां पाउड़ी स्थान स्थित शिव मंदिर पहुँचीं,

जहाँ श्रद्धालुओं ने पवित्र जल अर्पित (विसर्जित) किया और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि एवं जन-कल्याण की कामना की। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। यात्रा में शामिल महिलाएँ “पिया ड्राइवर हो” जैसे लोकप्रिय भक्ति गीतों पर भक्ति भाव के साथ झूमती नज़र आईं, जिससे पूरा क्षेत्र शिवभक्ति और उल्लास के माहौल में सराबोर हो गया।

आयोजक समाजसेवी रोशन प्रसाद साव एवं महिला मंडली ने इस सफल धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए समस्त क्षेत्रवासियों, धर्मानुरागियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से समाजसेवी रोशन प्रसाद साव बेबी साव, इंदु देवी, शर्मीला साव, रीता देवी, प्रीतम देवी, इंदु मण्डल, नीतू देवी, मीणा देवी, रूपा देवी, बिमला देवी, गौरी रजक उपस्थित थे
