
जमशेदपुर। सेंट मैरी’ज़ इंग्लिश हाई स्कूल, बिष्टुपुर के सीनियर ब्लॉक में हिंदी साहित्य के अमर कथाकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती अत्यंत गरिमामय एवं साहित्यिक वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के चारों हाउसों के छात्र-छात्राओं ने प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानियों पर आधारित नाटकों का प्रभावशाली मंचन कर उनकी साहित्यिक विरासत को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में रूबी हाउस ने “निमंत्रण”, टोपाज़ हाउस ने “बूढ़ी काकी”, सफायर हाउस ने “प्रायश्चित” तथा एमराल्ड हाउस ने “मंत्र” कहानी का सशक्त एवं भावपूर्ण मंचन किया। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अभिनय, संवाद-अभिव्यक्ति तथा मंच प्रस्तुति ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस नाट्य प्रतियोगिता का मूल्यांकन शहर की प्रतिष्ठित नाटककार श्रीमती अनीता सिंह तथा सुप्रसिद्ध श्री विनोद कुमार ने किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता, मंच संचालन एवं साहित्यिक प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के परिणामों में सफायर हाउस की प्रस्तुति “प्रायश्चित” ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टोपाज़ हाउस की “बूढ़ी काकी” द्वितीय स्थान पर रही। रूबी हाउस की “निमंत्रण” को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
व्यक्तिगत अभिनय श्रेणी में “प्रायश्चित” की अन्या तिवारी तथा “निमंत्रण” के हर्ष कुमार सिंह को उनके उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता/अभिनेत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य रेवरेण्ड फादर वर्नोन डिसूज़ा द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं मुंशी प्रेमचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्राचार्य फादर शीतल लकड़ा, सिस्टर अंजनी, सम्मानित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम साहित्य, संस्कृति एवं भारतीय जीवन-मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों की संवेदनशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सभी के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।
