
4000 से अधिक एल्बम व फिल्मों में काम कर चुकीं जमशेदपुर की स्टार मोनिका सिंह ने बढ़ाया उत्साह; “हमको मैरी नहीं माँगता…” पर जूनियर मिथुन चक्रवर्ती (अरुण दास) के साथ थिरकीं आयोजक रानी मुर्मू व रूबी दास

जादूगोड़ा (पूर्वी सिंहभूम): जादूगोड़ा के सुरम्य एवं खूबसूरत पिकनिक स्पॉट पहाड़ भांगा में सोशल मीडिया मीटअप का आयोजन अत्यंत उत्साह और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस सफल कार्यक्रम की मुख्य सूत्रधार आयोजक रानी मुर्मू जी और रूबी दास जी रहीं, जिनके कुशल प्रबंधन और कड़ी मेहनत से पूरा आयोजन बेहद भव्य और यादगार रहा। कार्यक्रम में सरायकेला-खरसवां जिले के प्रमुख सोशल इन्फ्लुएंसर प्रदीप कुमार, इन्फ्लुएंसर चंदन कुमार दे तथा समाजसेवी भरत मंडल बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। पहाड़ भांगा के ग्रामीणों एवं आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आदिवासी परंपरा के अनुसार पारंपारिक गमछा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।
सुपरस्टार मोनिका सिंह ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह
इस मीटअप में जमशेदपुर की पहचान और बांग्ला एल्बम व फिल्मों की प्रसिद्ध सुपरस्टार मोनिका सिंह की विशेष मौजूदगी रही। बांग्ला सहित कई अन्य भाषाओं के 4000 से भी अधिक एल्बम और फिल्मों में अभिनय कर चुकीं मोनिका सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचकर उपस्थित सभी युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स का उत्साहवर्धन किया। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
मुख्य अतिथियों ने जताया आभार
आयोजन की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार, चंदन कुमार दे एवं भरत मंडल ने संयुक्त रूप से कहा, “पहाड़ भांगा जैसे प्राकृतिक और सुंदर वातावरण में रानी मुर्मू जी और रूबी दास जी द्वारा किया गया यह आयोजन वास्तव में सराहनीय है। दोनों की कड़ी मेहनत से ही यह मीटअप ऐतिहासिक बन सका। मुख्य अतिथि के रूप में मिला यह स्नेह, सम्मान और स्थानीय ग्रामीणों का आतिथ्य हम सभी के लिए गर्व की बात है। हम आयोजकों और समस्त ग्रामीणों का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।”
सोशल मीडिया समस्याओं का मौके पर ही हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान
कार्यक्रम के दौरान सरायकेला जिले के जाने-माने सोशल इन्फ्लुएंसर प्रदीप कुमार एवं चंदन कुमार दे ने उपस्थित युवाओं और नए कंटेंट क्रिएटर्स को तकनीकी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब अकाउंट्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को देखा और मौके पर ही (ऑन-द-स्पॉट) उनका समाधान किया। यद्यपि पिकनिक स्पॉट पर नेटवर्क की कमी होने के कारण थोड़ी बहुत परेशानियाँ और दिक्कतें ज़रूर आईं, फिर भी दोनों विशेषज्ञों ने क्रिएटर्स की समस्याओं को दूर करने का हरसंभव प्रयास किया।
बॉलीवुड गानों पर जूनियर मिथुन (अरुण दास) का धमाकेदार डांस
कार्यक्रम का एक और मुख्य आकर्षण पूर्वी सिंहभूम (पोटका क्षेत्र) के वायरल बॉय अरुण दास (जूनियर मिथुन चक्रवर्ती) का शानदार नृत्य रहा। उन्होंने बॉलीवुड के सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती के सुपरहिट गानों और संवादों पर अपने धमाकेदार डांस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
जब उन्होंने अपनी विशिष्ट शैली में मशहूर गीत—
हमको Mary नहीं माँगता, हमको Lilly नहीं माँगता, तेरे लिए चढ़ जाऊँ सूली, तू ही तो मेरी जान है…”पर प्रस्तुति दी, तो पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस लोकप्रिय धुन पर मुख्य आयोजक रानी मुर्मू जी और रूबी दास जी भी जूनियर मिथुन चक्रवर्ती (अरुण दास) के साथ मंच पर थिरकती हुई नज़र आईं, जिसने पूरे मीटअप में रंग जमा दिया।
इस मीटअप में क्षेत्रीय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स, युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा आपसी विचार साझा किए। वहीं फेसबुक मीटप को सफल बनाने में मुख्यरूप से आयोजन करता रानी मुर्मू , रूबी दास, पुष्पा मुर्मू समेत कृष्णा मारडी, अतुल मुंडा मानिक कुमार, करण मुंडा, पुतुल बाकची, पुष्पा मुर्मू, बामा पोल, मगध टुडू का काफी योगदान रहा
