
नोआमुंडी, 26 जुलाई 2026। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुण्डी में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध में अदम्य साहस, पराक्रम एवं सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा पालित गुरु मां ने अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया।


इस अवसर पर गुरु मां ने कारगिल युद्ध के इतिहास, भारतीय सेना के शौर्य और वीर जवानों के अद्वितीय बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता एवं प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत कर वीर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की सेवा एवं सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।यह आयोजन देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी अवसर सिद्ध हुआ।
