
नोवामुंडी: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में रविवार को कारगिल विजय दिवस पूरे सम्मान, श्रद्धा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध में शहीद हुए अमर वीर सैनिकों के चित्रों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।इस अवसर पर टीएसएफ नोवामुंडी के यूनिट हेड श्री संदीप केशरवानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की संगीत मंडली ने ओजपूर्ण देशभक्ति गीतों एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह भर दिया।अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि श्री संदीप केशरवानी ने कहा, “सीमा पर शौर्य का प्रहरी हमारा जवान है,

तो प्रकृति के आँचल में जीवन की ढाल हमारे मैंग्रोव वन हैं। दोनों ही अपनी जान पर खेलकर हमारी रक्षा करते हैं।”कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सीसीए विभाग ने कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। विभाग की ओर से कहा गया कि “सीमा पर देश की रक्षा में सर्वस्व न्योछावर करने वाले कारगिल के अमर वीरों का बलिदान हमें अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति का संदेश देता है, वहीं तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा करने वाले मैंग्रोव वन हमें प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराते हैं। यह ऐतिहासिक दिवस हमें याद दिलाता है कि देश की सुरक्षा केवल हथियारों से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण से भी सुनिश्चित होती है।”कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सीसीए विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे
