

संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुण्डी.पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुण्डी में शनिवार को संकुल स्तरीय प्रश्नमंच एवं संस्कृति महोत्सव प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संकुल के छह विद्यालयों—बड़ा जामदा, नोवामुण्डी, कोटगढ़, जगन्नाथपुर, हाटगम्हरिया तथा जैंतगढ़ सरस्वती शिशु मंदिर—के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सचिव चितरंजन बेहरा, प्रधानाचार्या सीमा पालित तथा बड़ा जामदा के प्रधानाचार्य पशुपतिनाथ चौधरी ने मां शारदे, भारत माता एवं ॐ के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैजन्ती पान ने प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद संस्कृति बोध प्रश्नमंच, संस्कृत प्रश्नमंच, अंग्रेजी प्रश्नमंच, कथा-कथन, त्वरित भाषण, मूर्तिकला तथा लोकनृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।



प्रतियोगिता में पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुण्डी का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अंग्रेजी प्रश्नमंच के शिशु, बाल एवं किशोर तीनों वर्गों में विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्कृत प्रश्नमंच के शिशु एवं बाल वर्ग में भी विद्यालय प्रथम रहा, जबकि किशोर वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया।
संस्कृति बोध प्रश्नमंच के शिशु वर्ग में नोवामुण्डी प्रथम, बाल वर्ग में द्वितीय तथा किशोर वर्ग में भी द्वितीय स्थान पर रहा। कथा-कथन एवं त्वरित भाषण प्रतियोगिता के शिशु, बाल और किशोर तीनों वर्गों में विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
मूर्तिकला प्रतियोगिता के बाल एवं किशोर वर्ग में भी नोवामुण्डी विद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं लोकनृत्य प्रतियोगिता में भी विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।
समापन समारोह में प्रधानाचार्या सीमा पालित ने प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सचिव तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही आचार्य-दीदीजी को फाइल, कलम एवं लेटर पैड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य-दीदी, बाल संसद के भैया-बहन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का सफल संचालन एवं समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
