
संवाददातॎ, नोवामुंडी
प्रखंड कार्यालय सभागार नोवामुंडी में पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों का विस्तार) झारखंड नियमावली, 2025 (पेसा) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रस्तावित प्रखंड स्तरीय समिति के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा, उप-प्रमुख ज्योति दास, बीडीओ पप्पू रजक, पंचायत समिति सदस्य सतीश ठाकुर, मांगी लाल केराई. फॉरेस्ट ऑफिसर (आरएफओ), मानकी-मुंडा, विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में ग्राम सभाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ग्राम सभा कोष के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही परंपरागत रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान में ग्राम सभा की भूमिका को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में पेसा नियमावली, 2025 के प्रभावी एवं समन्वित क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम सभाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
