
प्रतिनिधि, नोवामुंडी
प्रखंड परिसर में आयोजित ‘उन्नति का पहिया’ साइकिल वितरण कार्यक्रम के तहत प्रखंड के 14 विद्यालयों के कक्षा आठवीं में अध्ययनरत 248 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पप्पू रजक और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की।
इस अवसर पर कुल 248 विद्यार्थियों में 127 छात्र और 121 छात्राएं शामिल रहीं, जिन्हें योजना का लाभ मिला। कार्यक्रम में सभी 14 विद्यालयों के शिक्षक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बीडीओ पप्पू रजक ने कहा कि कल्याण विभाग की ओर से यह सौगात बच्चों की शिक्षा यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से दी गई है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे साइकिल का सदुपयोग करें, समय पर विद्यालय पहुंचें और पूरी तन्मयता के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें।

वहीं, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि साइकिल मिलने से अब विद्यार्थियों को दूर-दराज के गांवों से स्कूल आने-जाने में आसानी होगी। इससे वे समय के पाबंद होकर विद्यालय पहुंच सकेंगे और अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से जारी रख पाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान जब छात्र-छात्राओं को साइकिल मिली, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। यह कल्याणकारी पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के रास्ते को और अधिक आसान बनाने में बेहद मददगार साबित होगी।
