
प्रतिनिधि, नोवामुंडी
नोवामुंडी थाना परिसर स्थित मां महाकाली मंदिर में मंगलवार को मां विपत्तारिणी की पूजा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी सुकुमार पंडा ने वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच मां की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
प्रातः 10 बजे से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान दोपहर 2 बजे विधिवत रूप से संपन्न हुआ। पूजा में क्षेत्र की 300 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लेकर मां विपत्तारिणी का निर्जला व्रत-पूजन किया तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य जीवन की मंगलकामना की।
सुबह से ही महिलाएं हाथ में पूजा की थाली और पूजन सामग्री लिए मंदिर परिसर पहुंचने लगी थीं। पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर प्रबंधन द्वारा सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा और क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
