
बड़ाजामदा/नोवामुंडी, संवाददाता।
बैंक ऑफ बड़ौदा के स्थापना दिवस के अवसर पर नोवामुंडी प्रखंड के गाँवगुटू प्राथमिक विद्यालय, बड़ाजामदा में एक सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री जैसे पेन एवं कॉपियों का वितरण किया गया। बैंक की इस अनूठी पहल से जहां बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं पूरे विद्यालय परिसर में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सामग्री वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित बड़ाजामदा बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन, ग्राहक सेवा सहायक उत्तम कुमार लागूरी, बैंक कर्मचारी घनश्याम लागूरी, झामुमो जिला सदस्य रिमू बहादुर एवं शंकर बोबोंगा ने अपने हाथों से बच्चों को अध्ययन सामग्री सौंपी। इस अवसर पर बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए विद्यालय की शिक्षिकाएँ माला ठाकुर एवं रिंकी गग्राई भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बच्चों ने जताया आभार, ग्रामीणों ने की सराहना
निशुल्क पेन और कॉपी प्राप्त करने के बाद बच्चों ने खुशी जाहिर करते हुए बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित बच्चों ने कहा कि इस तरह का सहयोग उन्हें पढ़ाई के लिए और अधिक प्रेरित करता है। वहीं कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी बैंक ऑफ बड़ौदा की इस सराहनीय पहल की खूब प्रशंसा की। उनका कहना था कि यदि समय-समय पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, तो जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ने का संबल मिलेगा और शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा।
मन लगाकर पढ़ने का दिया संदेश
कार्यक्रम के समापन पर बैंक अधिकारियों ने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस सेवा कार्य को सफल बनाने में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
