
काण्ड्रा। काण्ड्रा कॉलोनी स्थित दे परिवार की ओर से इस वर्ष भी मां विपत्तहारिणी पूजा का भव्य आयोजन किया गया। आस्था और विश्वास का प्रतीक बनी यह पूजा पिछले 40 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने पहुंचकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन के दौरान जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने भी मां के दरबार में माथा टेका और पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही प्रसिद्ध सोशल इन्फ्लुएंसर चंदन कुमार दे ने अपनी धर्मपत्नी राखी दे के साथ मां विपत्तहारिणी की पूजा-अर्चना की। पूजा का संपूर्ण विधि-विधान पंडित साधन मुखर्जी द्वारा संपन्न कराया गया। दे परिवार के सदस्य चंदन कुमार दे ने पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पूजा केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि लोगों की अटूट आस्था का केंद्र है। मां के दरबार में आने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है, यही कारण है कि हर साल मन्नत पूरी होने पर भक्त स्वयं मां की प्रतिमा भेंट करते हैं। मंगलवार सुबह 10 बजे से मां की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का आरंभ हुआ। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार दोपहर 1 बजे से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे भक्तिपूर्ण माहौल में मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में दे परिवार के सदस्य उत्तम दे, गुरुपद दे, सुधांशु दे, अजय दे, चंडी दे, चंदन कुमार दे, संपद दे, दोलन दे, गौतम दे, दीपक दे, शुभम दे, पिंटू दे, पिंकी दे, पाखी दे एवं समस्त दे परिवार ने सक्रिय भूमिका निभाई। दे परिवार ने आसपास के सभी श्रद्धालुओं से विसर्जन और भोग वितरण के दौरान उपस्थित रहकर मां का प्रसाद एवं आशीर्वाद ग्रहण करने की अपील की है।
