
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित ह्यूमपाइप के इन्द्रानगर में पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 4.32 ग्राम है, तथा नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में दी।सिटी एसपी ने बताया कि रविवार की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा संचालित कर रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसका सत्यापन कराया गया। सूचना सही पाए जाने के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से भारती कैबर्तो के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसका 22 वर्षीय बेटा विशाल कैबर्तो तथा एक नाबालिग को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया और बिक्री से प्राप्त 4,820 रुपये नकद बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि भारती कैबर्तो पहले से ही पुलिस के रिकॉर्ड में एक पेशेवर ड्रग्स पेडलर के रूप में दर्ज है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल छह मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं।पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी कहा गया कि शहर में नशीले पदार्थों के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।छापेमारी अभियान में दंडाधिकारी के रूप में कनीय अभियंता उमाशंकर के अलावा सीतारामडेरा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
