
गम्हरिया /कांड्रा
क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर सांप निकलने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रसिद्ध सर्प मित्र सुल्तान मिर्जा ने दोनों ही जगहों से जहरीले और खतरनाक सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लोगों को राहत दिलाई।
दिलीप दे के घर से निकला जहरीला चिति (करैत) सांप
पहली घटना कांड्रा की है, जहां दिलीप दे के आवासीय घर में अचानक एक अत्यधिक जहरीला चिति (कॉमन करैत) सांप दिखाई दिया। घर में सांप को देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गृहस्वामी ने तुरंत इसकी सूचना सर्प मित्र सुल्तान मिर्जा को दी। सुल्तान मिर्जा ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर बेहद सावधानी से उस खतरनाक चिति सांप को काबू में किया और उसे अपने साथ ले गए।
गम्हरिया निर्मल पथ पर दिनेश महतो के घर मिला धामना सांप
वहीं दूसरी घटना गम्हरिया के निर्मल पथ की है। यहाँ दिनेश महतो के घर में एक विशालकाय धामना (रैट स्नेक) सांप घुस गया। सांप को देखकर घर के लोग सहम गए। इस बात की जानकारी भी सर्प मित्र सुल्तान मिर्जा को दी गई। सुल्तान ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर इस सांप का भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
सर्प मित्र की अपील:
रेस्क्यू के बाद सुल्तान मिर्जा ने दोनों सांपों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बरसात के इस मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। घर के आसपास साफ-सफाई रखें और सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय तुरंत किसी विशेषज्ञ या सर्प मित्र को सूचित करें, क्योंकि सांप हमारे पर्यावरण का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
