
संवाददाता, नोवामुंडी
जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे प्रोजेक्ट जागृति कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ा जामदा, रुता गुटु (नोवामुंडी) में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में जेएसएलपीएस की टीम, बीआरसी कर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
शिविर में कुल 52 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिसमें स्वास्थ्य जांच के बाद 41 लोगों को रक्तदान के योग्य पाया गया और कुल 41 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस दौरान प्रखंड मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर दूर किरीबुरू से पहुंचे युवा वरुण शीट ने रक्तदान कर सभी को प्रेरित किया।
नोवामुंडी बीडीओ पप्पू रजक ने कहा, “रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। सभी स्वस्थ युवा आगे आकर इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी निभाएं।”

जगन्नाथपुर एसडीओ अरुण उरांव ने कहा, “रक्त की कमी को दूर करने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। एक रक्तदाता कई परिवारों में उम्मीद की नई किरण जगा सकता है, इसलिए युवाओं को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित होना चाहिए।”
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरिपद हेम्ब्रम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की टीम की सक्रियता से रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सभी रक्तदाताओं को जगन्नाथपुर एसडीओ अरुण उरांव, नोवामुंडी बीडीओ पप्पू रजक एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरिपद हेम्ब्रम ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

मौके पर चाईबासा सदर अस्पताल से रक्त संग्रह करने वाली टीम के जस्टिन बागे, विवेक कुमार, ज्योति रैना, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. नागमणि बेहरा, सत्यजीत पात्रा, लक्ष्मी पान, विकास कमल सिनकु, सीएचओ, एएनएम एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
