बत्ती गुल, जनता का गुस्सा फुल: कांड्रा के अंधेरे को दूर करने जीएम के दफ्तर में गरजेगी पूर्व मुखिया की आवाज!

कांड्रा। क्षेत्र में इन दिनों बिजली की लचर व्यवस्था से ग्रामीण खासे परेशान हैं। क्षेत्र में लगातार लो-वल्टेज, हाई-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज कांड्रा पंचायत के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की इस आंख-मिचौनी और अनियमित आपूर्ति से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि कांड्रा और आसपास के क्षेत्रों में 6 नंबर फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाती है, लेकिन वर्तमान में आवश्यकता अनुसार बेहद कम बिजली मिल पा रही है। कभी अचानक वोल्टेज बेहद कम हो जाता है तो कभी हाई-वोल्टेज के कारण बिजली उपकरणों के खराब होने का डर बना रहता है। ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए पूर्व मुखिया ने कहा कि वे जल्द ही विद्युत विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) से मिलकर एक लिखित शिकायत सौंपेंगे और क्षेत्र में निर्बाध व संतुलित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करेंगे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर विभाग ने जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो ग्रामीण आगे की रणनीति बनाने को बाध्य होंगे। इस मौके पर मुख्य रूप से कांड्रा पंचायत के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा,समाजसेवी लाल बाबू महतो, चंदन मिश्रा, चंदन दे, भोलू महतो, मधु, पुनीत महतो, बाबू महतो सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे और सभी ने एक स्वर में बिजली संकट को दूर करने की मांग की।
