
संवाददाता, नोवामुंडी
पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम बोकना में सड़क और पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने आवाज बुलंद की है। आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपायुक्त, चाईबासा को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि बोकना गांव के साई से सुरी साई तक सड़क नहीं बनने के कारण मरीजों को खटिया पर ढोकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। वहीं स्कूल, कॉलेज और प्रखंड मुख्यालय जाने में भी भारी परेशानी होती है। दूसरी ओर गांव के लोग दूषित चापाकल के पानी का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं, जिसमें काले चींटीनुमा जीव निकलने की शिकायत है।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन कंपनियों से प्रभावित होने के बावजूद गांव में सड़क, पेयजल, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं का अभाव दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
