
संवाददाता, नोवामुन्डी
नोवामुंडी के बड़ा जामदा क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ जरूरतमंदों को बांटी गई नि:शुल्क दवाइयां
नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ा जामदा क्षेत्र के खास जामदा बस्ती में बुधवार को श्री बालाजी इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग लिमिटेड की ओर से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। करीब 90 से 95 मरीजों की जांच की गई, जिसमें कई लोगों में शुगर, फाइलेरिया, दाद-खाज, पेट संबंधी समस्याएं और अन्य बीमारियों के लक्षण पाए गए।
शिविर के दौरान कंपनी की ओर से सभी जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आर. आर. मिश्रा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बारिश के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, संतुलित पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और समय-समय पर जांच कराने की अपील की।
स्वास्थ्य सेवा अभियान में डॉ. राजीव रंजन मिश्रा, कंपाउंडर मनीष कुमार और कंपनी पदाधिकारी टुन्नू पांडे सक्रिय रूप से मौजूद रहे और ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
कंपनी की ओर से आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है। शिविर के माध्यम से छोटी-छोटी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो सका, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में मदद मिलेगी।
श्री बालाजी इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग लिमिटेड की यह सामाजिक पहल साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा और जागरूकता से जुड़े प्रयास लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
