
कांड्रा (सरायकेला): सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड की कांड्रा पंचायत के डोकाकुली गांव में बिजली की अनियंत्रित आपूर्ति से ग्रामीण बेहद त्रस्त हैं। गांव में पिछले कुछ समय से लगातार हो रहे लो और हाई वोल्टेज की वजह से घरों में रखे कई कीमती उपकरण खराब हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण फ्रिज, इन्वर्टर, बैटरी, बल्ब और टीवी जैसे उपकरण जल जा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दो दिनों से पसरा है अंधकार
परेशानी यहीं खत्म नहीं होती, पिछले दो दिनों से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। पूरा गांव अंधेरे के आगोश में डूबा हुआ है। इस स्थिति में ग्रामीणों को रात-दिन काटने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।
नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की इस बदहाली का मुख्य कारण स्थानीय स्तर पर तकनीकी खराबी है। समस्या से तंग आकर अब ग्रामीणों ने बिजली विभाग से नया ट्रांसफार्मर बदलने की पुरजोर मांग की है ताकि वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
