
कांड्रा। सरायकेला पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशानुसार कांड्रा थाना प्रभारी ने क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कांड्रा बाजार क्षेत्र का दौरा कर आम जनता और स्थानीय दुकानदारों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया। थाना प्रभारी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और गति सीमा का ध्यान रखने की अपील की।
इसी क्रम में कांड्रा बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से आम जनता को निजात दिलाने के लिए थाना प्रभारी ने स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों से विशेष सहयोग मांगा। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि कोई भी सड़कों पर अवैध रूप से वाहन पार्क न करे और न ही दुकानों के बाहर अतिक्रमण करें, जिससे आवागमन प्रभावित हो। उन्होंने सभी से बाजार को पूरी तरह जाम मुक्त बनाने में पुलिस का साथ देने की अपील की।
सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस टीम ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर भी आम लोगों को सजग किया। थाना प्रभारी ने कहा कि अपराध मुक्त समाज के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना कांड्रा थाना को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। इस मौके पर कांड्रा पुलिस बल के जवान, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक व दुकानदार उपस्थित थे।
