
कांड्रा (सरायकेला)। सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड की कांड्रा पंचायत से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। कांड्रा पंचायत के बानाडुंगरी गांव निवासी दिनेश सिंह बीते शनिवार की सुबह करीब 10:00 बजे घर से कांड्रा बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद से वह अचानक लापता हो गए हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो परेशान परिजनों ने थक-हारकर कांड्रा थाना में गुमशुदगी की सनहा (डायरी) दर्ज कराई है।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह बाजार के लिए निकलने के बाद जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिवार की चिंता बढ़ी। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से हर संभव प्रयास शुरू किए। अपने तमाम सगे-संबंधियों, दोस्तों और आसपास के सभी संभावित क्षेत्रों सहित कांड्रा बाजार में भी दिनेश सिंह की सरगर्मी से तलाश की गई, लेकिन हर तरफ से मायूसी ही हाथ लगी। हर तरफ से निराश होने के बाद पीड़ित परिवार ने कांड्रा पुलिस की शरण ली है। परिजनों ने कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई और दिनेश सिंह को जल्द से जल्द सकुशल खोज निकालने की भावुक गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सनहा दर्ज कर लिया है और छानबीन में जुट गई है।
दिनेश सिंह के अचानक लापता होने से उनका पूरा परिवार गहरे सदमे और मानसिक तनाव में है। परिजनों ने आम जनता और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को दिनेश सिंह के बारे में कोई भी जानकारी मिले, या उन्हें कहीं देखा गया हो, तो तुरंत परिजनों के मोबाइल नंबर 7858926038 पर सूचित करने की कृपा करें। आपका एक छोटा सा प्रयास एक परिवार की मदद कर सकता है।
