
प्रतिनिधि, नोवामुंडीनोवामुंडी दुर्गा पूजा पंडाल परिसर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन सोमवार को धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। विद्वान पंडितों सुरेंद्र पंडा, महेश होदा, सूर्य कांतपंडा, सुकुमार पंडा, सुशांत पंडा द्वारा विधि-विधान के अनुसार हवन, आरती एवं पूर्णाहुति कराई गई। शाम लगभग 8:00 बजे पूर्णाहुति के साथ इस महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।

इस अवसर पर दोपहर 1:00 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों के बीच पूड़ी, सब्जी एवं हलवा का प्रसाद वितरण किया गया। भारी बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्त प्रसाद ग्रहण करने एवं धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे। पूरे पंडाल परिसर में “जय माता दी” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन का समापन पूरी धूमधाम और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।इस महोत्सव को सफल बनाने में समिति के राजू प्रसाद के साथ-साथ सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
