
नोवामुंडी: धार्मिक आस्था और भक्तिभाव के अद्भुत माहौल के बीच नोवामुंडी दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार को पूरे वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती दुर्गा, भगवान भोलेनाथ, मां पार्वती, भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय तथा पंचमुखी हनुमान की प्रतिमाओं का भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिंहासन प्रतिष्ठा, राज पूजा एवं अभिषेक जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान भी श्रद्धापूर्वक संपन्न कराए गए।

शाम 7 बजे से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए, जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। महाआरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
इस दौरान सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र नोवामुंडी बाजार निवासी सचिन करणे द्वारा माता के चरणों में अर्पित 6 फीट लंबी साइकिल ब्रांड की अगरबत्ती रही। सुबह से प्रज्वलित इस विशाल अगरबत्ती की मनमोहक सुगंध पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना रही है और श्रद्धालुओं के बीच विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है।

कल होगा पांच दिवसीय महोत्सव का भव्य समापन
समिति के राजू प्रसाद ने बताया कि सोमवार को पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन होगा। अंतिम दिन पंचक्रमशाला प्रवेश, महारुद्राभिषेक, चंडी यज्ञ, पूर्णाहुति एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं परिवारों से आग्रह किया है कि वे दोपहर 1 बजे मंदिर परिसर पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण करें और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें। पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
