
प्रतिनिधि, नोवामुंडी नोवामुंडी में शनिवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब संधू पेट्रोल पंप के सामने लौह अयस्क से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया और पलट गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब 7:50 बजे हुई। ट्रेलर (नंबर 05 EF 5993) ओडिशा के कराकोला स्थित रूंगटा प्लांट से लौह अयस्क लेकर बलरामपुर की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया।

टक्कर के बाद ट्रेलर पलट गया और उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में चालक समरजीत राय (निवासी: समस्तीपुर, बिहार) केबिन के अंदर स्टेयरिंग और बोनट के बीच फंस गया। उसका दायां पैर बोनट में दब जाने से स्थिति गंभीर हो गई। करीब एक घंटे तक चालक अंदर ही फंसा रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। अंधेरा और भारी वाहन के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बाद में सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी की मौजूदगी में कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि उसे केवल मामूली चोटें आईं।हादसे के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।
