
नोवामुंडी के पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर में 130 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
नोवामुंडी, 4 जुलाई। एलएंडटी के सह-संस्थापक श्री हेनिंग होल्क लार्सन की 119 वीं जयंती के अवसर पर एलएंडटी कंस्ट्रक्शन एंड माइनिंग मशीनरी द्वारा पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुंडी परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रार्थना कक्ष में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। एलएंडटी के अधिकारियों एवं विद्यालय परिवार ने श्रद्धापूर्वक श्री हेनिंग होल्क लार्सन को नमन करते हुए उनके आदर्शों को याद किया और प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का उद्घाटन टाटा स्टील–ओएमक्यू के इंजीनियरिंग सर्विसेज विभाग के श्री नारायण शर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री सुनील सिंह, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सीमा पालित, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा एलएंडटी की टीम के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर वी. राजेश ने किया, जबकि सेफ्टी ऑफिसर हिमांशु शेखर प्रधान ने कार्यक्रम के सफल समन्वय एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के कुल 130 पौधे लगाए गए। इन पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।एलएंडटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह वृक्षारोपण अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम ने श्री हेनिंग होल्क लार्सन की प्रेरणादायक विरासत को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी संदेश दिया।

