
प्रतिनिधि, नोवामुंडी गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक हुई तेज बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत तो दी, लेकिन पूरे शहर में जलजमाव की गंभीर समस्या खड़ी कर दी। थोड़ी ही देर की बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें और सार्वजनिक स्थल पानी से भर गए, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सबसे अधिक परेशानी नोवामुंडी पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर के मुख्य मार्ग पर देखने को मिली। यहां हर वर्ष बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति बन जाती है। स्कूल तक जाने वाली गली में भी काफी पानी भर गया है, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या स्थायी रूप ले चुकी है, लेकिन अब तक इसके समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।इसके अलावा स्टेशन रोड, पी एच सी परिसर, रेलवे फाटक के निकट तथा महुदी पंचायत सचिवालय के आसपास और ओवर ब्रीज के ऊपर भी भारी जलजमाव देखने को मिला। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं,

जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कत हुई।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही शहर के कई हिस्सों में पानी भर जाना जल निकासी व्यवस्था की बदहाली को उजागर करता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालियों की नियमित सफाई कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, विशेषकर पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर के मुख्य मार्ग और स्कूल जाने वाली गली में, ताकि हर साल बच्चों और आम लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। नोवामुंडी संग्राम सही टाटा स्टील क्षेत्र में स्थित सेंट मैरी स्कूल के मुख्य द्वार का भी हाल बारिश में काफी खराब हो जाता है यहां जल जमाव के कारण काफी कीचड़ और फिसली हो जाती है इस कारण स्कूली बच्चों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है
