
प्रतिनिधि, नोवामुंडी (संग्राम साई): टाटा स्टील परिसर स्थित सेंट मैरी स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर लंबे समय से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद स्कूल गेट के सामने पानी भर जाने से पूरे क्षेत्र में कीचड़ फैल गया है, जिससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्कूल आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

इससे उनके फिसलने और चोटिल होने का खतरा लगातार बना रहता है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल जैसे महत्वपूर्ण स्थान के मुख्य द्वार पर इस तरह की बदहाल स्थिति चिंता का विषय है और संबंधित विभाग को तत्काल इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर स्कूल के मुख्य द्वार से जलजमाव और कीचड़ की समस्या को जल्द से जल्द दूर किया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में स्कूल आने-जाने की सुविधा मिल सके।
