
चक्रधरपुर। लोकनाथ नगर निवासी सह सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय रतन मुखी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने मूलवासी कारूवा समाज के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा बेहरा चक्रधरपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय रतन मुखी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा बेहरा ने कहा कि रतन मुखी के निधन से हमारे समाज ने एक सच्चा सिपाही खो दिया है। वे हमेशा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और समाज के उत्थान के लिए तत्पर रहते थे। उनकी कमी समाज को हमेशा महसूस होगी। मौके पर मौजूद कारूवा समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरुचरण मुखी ने भी श्रद्धांजलि देते हुए बताया कि रतन मुखी रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त (अवकाश प्राप्त) थे और पिछले कुछ समय से हृदय रोग से पीड़ित थे। इलाज के दौरान जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल में उनका निधन हो गया था। उन्होंने कहा कि रतन मुखी समाज के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते थे, जिसके कारण पूरे समाज में शोक की लहर है और उनकी कमी हमेशा खलेगी।
श्राद्ध कर्म और शोक सभा के दौरान मुख्य रूप से मूलवासी कारूवा समाज के महासचिव संजीत बेहरा, प्रभाकर मुखी, गुरुचरण मुखी, प्रदीप कारूवा, जगदीश कारूवा, गिड्डू मुखी, राहुल मुखी, रोहन मुखी के अलावा समाज के कई अन्य गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी भारी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
