
संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी प्रखंड कार्यालय परिसर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर एक उच्च स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, जगन्नाथपुर अरुण उरांव एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, नोवामुंडी पप्पू रजक ने की।
बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने सभी कर्मियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा फील्ड एवं तकनीकी स्तर पर बेहतर तालमेल बनाकर कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज शर्मा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी कीर्ति धर महतो सहित सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
