
कांड्रा। आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष, राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव सह लालू विचार केंद्र के संयोजक पूरेन्द्र नारायण सिंह ने कांड्रा क्षेत्र का सघन भ्रमण किया। इस क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न जनसमस्याओं का जायजा लिया और स्थानीय ग्रामीणों एवं अपने पुराने साथियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। भ्रमण के दौरान श्री सिंह के सामने कांड्रा में बढ़ते प्रदूषण, सड़कों की जर्जर स्थिति, स्वास्थ्य केंद्र व शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग, कुछ विशेष टोलो में पेयजल संकट, कांड्रा बाजार में सार्वजनिक शौचालय का न होना, क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की गंभीर समस्याएं प्रमुखता से आईं। समस्याओं से अवगत होने के बाद पूरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि कांड्रा की इन बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगे और संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। चंदन कुमार दे के प्रयासों की सराहना
भ्रमण के दौरान क्षेत्र के प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चंदन कुमार दे ने भी पूरेन्द्र नारायण सिंह से मुलाकात की। इस दौरान श्री सिंह ने चंदन कुमार दे की सोशल मीडिया गतिविधियों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चंदन सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र की गंभीर और जमीनी समस्याओं को प्रखरता से दिखाकर बड़े-बड़े अधिकारियों तक पहुंचाते हैं और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हैं, जो बेहद काबिले तारीफ है। आज के समय में सोशल मीडिया का ऐसा सकारात्मक उपयोग समाज के लिए बेहद जरूरी है। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने पूरेन्द्र नारायण सिंह के समक्ष अपनी बातें रखीं।
