
प्रतिनिधि, नोवामुंडी :राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत नोवामुंडी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ाजामदा अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कोटगढ़-2 में रविवार को मॉडल पोलियो बूथ का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जगन्नाथपुर अरुण उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नोवामुंडी पप्पू रजक एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी हरिपद हेम्ब्रम ने संयुक्त रूप से किया।

शुभारंभ के बाद एसडीओ अरुण उरांव और बीडीओ पप्पू रजक ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर एसडीओ अरुण उरांव ने कहा कि, “पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के लिए हर बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना जरूरी है। सभी अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।


“बीडीओ पप्पू रजक ने कहा, “पोलियो की दो बूंद बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी सुरक्षा है। कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे, इसके लिए सभी नागरिक स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।”


प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी हरिपद हेम्ब्रम ने बताया कि अभियान के दौरान प्रखंड क्षेत्र के सभी पोलियो बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि एक भी बच्चा छूटने न पाए।कार्यक्रम में एमपीडब्ल्यू राजू गोप, कमल सिंकू, विकास पाठ पिंगुआ, एएनएम रंजना कुमारी सहित सहिया एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।
