
नोवामुंडी। लंबे समय से रिक्त पड़े मुंडा पदों पर आखिरकार कोलायेसाई और कोटगढ़ गांवों को नए मुंडा मिल गए। ग्रामसभा की सर्वसम्मति से कोलायेसाई मौजा के नए मुंडा के रूप में योगेन्द्र सिरका तथा कोटगढ़ गांव के नए मुंडा के रूप में रोया चातोम्बा उर्फ रॉयल का चयन किया गया। चयन के बाद दोनों नव-निर्वाचित मुंडाओं का ग्रामीणों ने फूलमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।बताया गया कि लगभग दो माह पूर्व कोलायेसाई मौजा के मुंडा के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। इसके कारण राजस्व, जाति, आय, आवासीय सहित विभिन्न सरकारी प्रमाण-पत्रों एवं प्रशासनिक कार्यों में ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, कोटगढ़ के पूर्व मुंडा राधेश्याम चातोम्बा के असामयिक निधन के बाद भी गांव के लोगों और छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रमाण-पत्र बनवाने तथा अन्य आवश्यक कार्यों में परेशानी हो रही थी।कोलायेसाई गांव में आयोजित ग्रामसभा की अध्यक्षता कोटगढ़ पश्चिमी पीढ़ के मानकी सुरेन्द्र चातोम्बा ने की, जबकि कोटगढ़ गांव की ग्रामसभा की अध्यक्षता कोटगढ़ पूर्वी पीढ़ के मानकी निरंजन बोबोंगा ने की। दोनों ग्रामसभाओं में सर्वसम्मति से नए मुंडाओं का चयन किया गया।कोलायेसाई ग्रामसभा में योगेन्द्र सिरका को नया मुंडा तथा गुरा सिरका को सहयोगी मुंडा चुना गया।बैठक में बेतेरकेया के सहयोगी मुंडा मिलु पुरती, डाकुवा कोलाय बोयपाई, शिक्षक गुरा सिरका, वार्ड सदस्य मदन केड़ाई सहित स्टार सिरका, जयभारत सिरका, साहु सिरका, चांदमुनी सिरका, सकराम सिरका, जेना सिरका, डुका केड़ाई, सुरेश सिरका सहित 150 से अधिक महिला-पुरुष उपस्थित थे
