
चाईबासा: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में
छात्रों एवं युवाओं से जुड़े लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने , भर्ती प्रक्रियाओं में विलंब , बढ़ती बेरोजगारी तथा वर्तमान शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था की विफलताओं के विरुद्ध राज्यव्यापी प्रेसवार्ता के निमित्त मंगलवार को प०सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय के संयोजन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई । प्रदेश कांग्रेस की ओर से नामित कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, नियुक्ति प्रक्रियाओं में विलंब और बढ़ती बेरोजगारी ने देश के करोड़ों युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है।
उन्होंने केंद्र सरकार की शिक्षा, परीक्षा एवं रोजगार नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज देश का छात्र अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन भ्रष्ट और अव्यवस्थित परीक्षा प्रणाली उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नीट, यूजीसी-नेट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने यह साबित कर दिया है कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में पूरी तरह विफल रही है। श्री तिवारी ने कहा कि एक ओर लाखों सरकारी पद रिक्त पड़े है, वहीं दूसरी ओर भर्ती प्रक्रियाओं को वर्षों तक लटकाकर युवाओं को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संकट में धकेला जा रहा है। यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि देश की युवा शक्ति के साथ किया जा रहा अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार और शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए जनता को भावनात्मक मुद्दों में उलझाया जा रहा है, जबकि युवाओं के सपनों का लगातार हनन हो रहा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। संगठन पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसरों की बहाली को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष को और तेज करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा देना चाहिए तथा पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। देश का युवा आज जवाब मांग रहा है। करोड़ों परिवारों की उम्मीदें प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार से जुड़ी है, लेकिन सरकार की नीतियों ने युवाओं के सामने असुरक्षा और अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है। कांग्रेस युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई , जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय , वरिष्ठ कांग्रेसी लाल बहादुर सिंह ,युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संदीप सन्नी देवगम , कार्यालय सचिव सुशील दास उपस्थित थे।
