
संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय डोबरा साई को बुधवार दोपहर करीब 3 बजे आई तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। आंधी इतनी प्रचंड थी कि विद्यालय की छत पर लगे टिन के तीन सेट उड़कर दूर-दूर तक बिखर गए, वहीं ईंटों से बनी पैराफिट भी धराशायी हो गई। गनीमत रही कि उस समय विद्यालय संचालित नहीं हो रहा था, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था और बच्चे दुर्घटना का शिकार बन सकते थे।
विद्यालय की शिक्षिका यमुना लागूरी ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल व्हाट्सएप के माध्यम से बीआरसी ग्रुप में दे दी गई है। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। विद्यालय के आगे की ओर लगे पूरे तीन टिन सेट उड़ गए हैं, जबकि पीछे की तरफ के भी दो टिन सेट क्षतिग्रस्त होकर उड़ गए।
उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय डोबरा साई में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई होती है। वर्तमान में विद्यालय में 28 बच्चे नामांकित हैं। यहां दो शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें नवबती दिग्गी और यमुना लागूरी शामिल हैं। दोनों ही पारा शिक्षक हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय भवन की स्थिति पहले से ही मजबूत नहीं थी और तेज आंधी ने इसकी कमजोरी उजागर कर दी है। अब बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए भवन की तत्काल मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग उठ रही है।

स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवन की जल्द मरम्मत कराने तथा बच्चों के लिए सुरक्षित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

