
नोवामुंडी _ विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर नोवामुंडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजीत विश्वास के निर्देशानुसार टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), नोवामुंडी के डॉ. अमला शंकर मुखर्जी के निमंत्रण पर नोवामुंडी कॉलेज की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सिंह एवं सहायक प्राध्यापक साबिद हुसैन के नेतृत्व में कॉलेज के वॉलेंटियर्स छात्र-छात्राओं ने तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान में भाग लिया।
टीएमएच, नोवामुंडी पहुँचने पर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है तथा इससे बचाव के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

अध्यक्षीय संबोधन के उपरांत टीएमएच की मेडिकल टीम एवं एनएसएस वॉलेंटियर्स के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली टाटा कंपनी के वर्कर्स फ्लैट परिसर से प्रारम्भ होकर बाजार के मुख्य चौक तथा मुख्य सड़क से होते हुए पुनः अस्पताल परिसर पहुँची। इस दौरान वॉलेंटियर्स ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के विरुद्ध नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
रैली के उपरांत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने तंबाकू एवं अन्य प्रकार के नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमला शंकर मुखर्जी ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही तंबाकूमुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने वॉलेंटियर्स की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान नोवामुंडी प्रशासन की भूमिका सराहनीय रही जिसके सहयोग से कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हो सका।
टीएमएच में कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सभी वॉलेंटियर्स महाविद्यालय लौटे, जहाँ प्राचार्य डॉ. मनोजीत विश्वास की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सिंह द्वारा उपस्थित शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं वॉलेंटियर्स को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई। सभी ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

दोनों स्थानों पर कार्यक्रम के समापन के पश्चात टाटा मेन हॉस्पिटल तथा महाविद्यालय परिसर में सभी प्रतिभागियों, चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं वॉलेंटियर्स के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई थी। प्राचार्य ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए तंबाकूमुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
